सिरसा, 21 सितंबर।
जिले में स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने तथा आमजन को साफ-सफाई के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से नगर निकाय विभाग की ओर से विशेष सफाई अभियान एवं जन-जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी कड़ी में रविवार को प्रमुख स्थलों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर सफाई करवाई गई तथा स्थानीय दुकानदारों और आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
विशेष अभियान चलाकर लोगों को स्वच्छता बनाए रखने और प्लास्टिक का प्रयोग न करने बारे किया जागरूक

दुकानदारों और आमजन से गीले-सूखे कचरे को अलग रखने की अपील
इस दौरान अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने दुकानदारों और नागरिकों से अपने घरों तथा दुकानों के आसपास साफ-सफाई बनाए रखने और स्वच्छता अभियान में नगर पालिका का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं सुंदर शहर के निर्माण के लिए प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है। डबवाली, रानियां, कालांवाली, सिरसा व ऐलनाबाद में अभियान के दौरान स्थानीय दुकानदारों और आमजन ने भी भागीदारी करते हुए अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने और कचरे का उचित निपटान करने का संकल्प लिया।
जिले में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए नगर परिषद सिरसा व डबवाली तथा नगर पालिका कालांवाली, रानियां और ऐलनाबाद की ओर से भी अपने-अपने क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था बनाए रखने और नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। नगर निकायों की ओर से नागरिकों से अपील की जा रही है कि वे गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखें, कचरा निर्धारित स्थानों पर ही डालें तथा अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें। नगर पालिका की ओर से नागरिकों को संदेश दिया गया कि गीला कचरा अलग, सूखा कचरा अलग—स्वच्छता में दें अपना योगदान। लोगों से स्वच्छता को अपनी दैनिक आदत बनाने और स्वच्छ एवं सुंदर शहर के निर्माण में नगर निकायों का सहयोग करने की अपील की गई।








